कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब की एक दवा निर्माता कंपनी में दवाइयां बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले लाखों रुपये के कच्चे माल की चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरी करने वाले युवकों में एक उसी फैक्टरी में कार्य करता था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
गौरतलब है कि कालाअंब की एक फार्मास्युटिकल कंपनी सिंबोसिस में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर साढ़े 16 किलोग्राम पाउडर उड़ा लिया। विभिन्न तरह की टेबलेट बनाने में इस्तेमाल होने वाले इस पाउडर की कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही थी। पुलिस ने चोरी की वारदात के बाद फैक्टरी की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जिसमें पिछले करीब एक सप्ताह से कार्य पर नहीं आ रहे युवक की धुंधली सी तस्वीर दिखी। शक होने पर उसे पूछताछ के लिए थाना तलब किया गया।
पूछताछ और पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पाउडर की चोरी की थी। इस मामले में पुलिस ने बिहार के भोजपुरा निवासी संजीद उर्फ रंजीत और उत्तर प्रदेश के मुजफरनगर निवासी राणा कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है।
एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।