अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब/ कालाअंब/ राजगढ़ (सिरमौर)
जनपद सिरमौर में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। कालाअंब, राजगढ़ और पांवटा साहिब में हुए हादसों के बाद जिला में शोक लहर है। कालाअंब पंचायत के पूर्व प्रधान पुना राम भी हादसे का शिकार हो गए। बाइक पर जा रहे पूर्व प्रधान को एक अन्य बाइक सवार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने सभी मामलों में तहकीकात आरंभ कर दी है। जबकि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे कालाअंब में एक बाइक को दूसरे बाइक ने टक्कर मार दी जिससे कालाअंब पंचायत के पूर्व प्रधान चौधरी पुना राम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए। पूर्व प्रधान अपनी बाइक पर जा रहे थे। कालाअंब के समीप अचानक विपरीत दिशा से आ रहे अन्य बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनके सिर पर गहरी चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए पीजीआई ले जाया जा रहा था लेकिन, रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें भारी संख्या में लोगों को हुजूम उमड़ा।
उधर, देहरादून-पांवटा साहिब सड़क मार्ग पर यमुनापुल के समीप मंगलवार देर रात ट्रक व मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार ट्रक के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। मृतक की पहचान रामपुर भारापुर पंचायत के रामपुर बंजारन गांव के कर्मवीर सिंह (24) के रूप में हुई है। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
एक अन्य हादसे में मंगलवार देर रात्रि को चुरुवाधार-पीडग मार्ग पर जेसीबी मशीन ढांक से गिर गई जिससे चालक और परिचालक घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सोलन रेफर किया गया लेकिन शिमला के ठियोग निवासी चालक सुरेश की सोलन अस्पताल में मौत हो गई। जबकि शिलाई का परिचालक अमित घायल हो गया। थाना प्रभारी बलवंत कंवर ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन प्रारंभ कर दी है।
--सिरमौर में तीन सड़क हादसे, तीन की मौत, चार घायल
कालाअंब के पूर्व प्रधान की बाइक हादसे में मौत
पांवटा में ट्रक के कुचलने से बाइक सवार युवक मरा
राजगढ़ मे जेसीबी गिरने से चालक की मौत, एक घायल