पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा-शिलाई एनएच-707 सड़क पर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि, चालक और एक अन्य महिला घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार निहालगढ़ के समीप एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने आटो रिक्शा को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में दो महिलाओं को चोटें आईं। उपचार के लिए दोनों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल ज्लावापुर निवासी महिला ने दम तोड़ दिया। पांवटा पुुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर शुरू कर दी है। पांवटा के निहालगढ़-धर्मकोट निवासी शमशेर सिंह पुत्र स्व. सुखराम ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा है कि शुक्रवार देर शाम को ऑटो रिक्शा लेकर बद्रीपुर से राजबन की तरफ जा रहा था। ऑटो जब निहालगढ़ में एक्रोन फैक्टरी के समीप पहुंचा तो पीछे से एक ट्रैक्टर ट्रॉली यूपी-11बीए-2684 आया। ट्रैक्टर चालक ने रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। इसमें सवार दो महिलाओं ज्वालापुर निवासी जोगिंद्र कौर (52) व सीमा देवी सवार थी। ऑटो पलटने के कारण जोगिंद्र कौर को गंभीर चोटें आईं। हादसे में आटो चालक शमशेर सिंह, सीमा देवी को सिर व बाजू में चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए रात को पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल पांवटा के डॉक्टर केएल भगत ने बताया कि गंभीर रूप से घायल ज्वालापुर निवासी महिला ने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
उधर, एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने बताया कि हादसे में ज्वालापुर निवासी महिला जोगिंद्र कौर की मौत हो गई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।