पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल और उत्तराखंड राज्य की सीमा पर यमुना नदी से खनन पर कार्रवाई के बाद दोनों राज्यों के लोगों के बीच हाथापाई हो गई। वन विभाग के दफ्तर में एक दूसरे से भिड़े इन लोगाें को विभागीय अमले के हस्तक्षेप से छुड़ाया गया। मामला एक ट्रैक्टर को जब्त करने का था जिसके बाद दोनों तरफ से खनन के लिए एक दूसरे पर आरोप लगाए गए। इसी दौरान मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों को शांत करवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार पांवटा वन विभाग की रेंज में रामपुरघाट वैली में यमुना नदी की तरफ अवैध खनन की सूचना मिली थी। रेंज अफसर पांवटा के नेतृत्व में टीम ने नदी से खनन करते ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। यह ट्रैक्टर उत्तराखंड का था। ट्रैक्टर जब्ती के बाद हिमाचल और उत्तराखंड से कुछ लोग दफ्तर में पहुंच गए। यमुना नदी से दोनों तरफ के लोग खनन करते हैं जिसे लेकर एक दूसरे पर आरोप लगाने का सिलसिला शुरू हो गया। पुरुवाला स्थिति कार्यालय परिसर में देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। हंगामे के बीच विभागीय अमले ने मुश्किल से मामला शांत करवाया।
आरओ पांवटा हर्ष मोहन ने बताया कि रामपुरघाट वैली में आरएफ क्षेत्र में अवैध खनन करते एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। शनिवार को वन विभाग परिसर में पहुंचे दो गुटों के बीच अवैध खनन की शिकायत करने पर बहस हुई। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।