फालोअप...
ग्रामीणों की सक्रियता से दबोचा बैटरी चोर गिरोह
विकासनगर में बेचते थे वाहन से चोरी की गईं बैटरियां
ठीकरी पहरेदारी में ग्रामीणों को हाथ लगी सफलता
राजबन पुलिस चौकी के हवाले किए गिरोह सदस्य
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पिछले कुछ माह से गिरिपार में सक्रिय बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। गिरोह के सदस्य दर्जनों वाहनों से बैटरियां चोरी कर चुके हैं। यही नहीं वाहन से ईंधन निकालना भी इनके लिए आम बात थी लेकिन ग्रामीणों की मुस्तैदी ने शातिरों को दबोच लिया। ग्रामीणों को यह कामयाबी ठीकरी पहरे के बीच सोमवार की रात हाथ लगी।
देर रात को ग्रामीणों ने गिरोह के सदस्यों को रंगे हाथों दबोच कर राजबन पुलिस के हवाले कर दिया है। इस कामयाबी में कमरऊ पंचायत के जागरूक ग्रामीणों की भूमिका अहम रही है। बता दें कि गिरिपार के सतौन से शिलाई तक पिछले कुछ माह से वाहनों से बैटरी की चोरी के साथ ईंधन आदि चोरी के दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं। चोर गिरोह बेहद चतुराई से कार्य को अंजाम दे रहे थे। दबोचों गए 2 शातिरों से गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों केे गिरफ्त में आने की उम्मीदें हैै। सक्रिय गिरोह गिरिपार क्षेत्र में सुनसान स्थलों पर सड़क किनारे पार्क ट्रक, जेसीबी, कंप्रेशर व छोटे वाहनों को निशाना बनाते थे।
गिरोह में शामिल सदस्यों ने अपनी पिकअप-गाड़ियां खरीदी हैं। लिहाजा, शातिर वारदात स्थल से ही चोरी का सामान लादकर सीधे उत्तराखंड के विकासनगर में बेच देते थे। पिछले कुछ माह से सतौन, हेवना, चिल्लौन, बड़वास-छुन्नू, खजियार, कमरऊ, तिलौरधार, पमता, कफोटा से शिलाई तक सड़क किनारे पार्क वाहनों से दर्जनों बैटरियां व टंकी से तेल गायब हो चुका था। सतौन पंचायत से शातिर सोलर ऊर्जा की बैटरियां तक चोरी कर ले गए। इसके बाद कमरऊ पंचायत के ग्रामीणों ने ठीकरी पहरा देना शुरू कर दिया।
सोमवार रात को कमरऊ निवासी कमलेश कुमार व कुलदीप सिंह समेत ग्रामीणों ने जागरूकता दिखाई। देररात को मौके पर ही चोर गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा। साथ ही गांव में फोन कर ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया गया। चोर गिरोह के दो सदस्यों को राजबन पुलिस के हवाले कर दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले पुष्टि की है। कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। राजबन चौकी प्रभारी एएसआई विद्यासागर नेगी मामले की जांच कर रहे हैं।
बाक्स--
उल्टे पांव लौटे गिरोह के सदस्यों को छुड़ाने पहुंचे लोग
कमरऊ के ग्रामीणों का कहना है कि रंगे हाथों दबोचे गिरोह के सदस्यों को छुड़ाने कुछ लोग पहुंच गए। क्षेेत्र के वाहनों से दर्जनों बैटरियों, वाहन के पुर्जों व डीजल समेत गिरोह सदस्य लाखों की चोरियां कर चुके हैं। इनका लाखों की क्लेम राशि भरने की बात कहने पर मौके पर पहुंचे लोग उल्टे पांव वापस लौट गए।
-------
--हितेश