नौहराधार (सिरमौर)।
तहसील नौहराधार के अंतर्गत भुजोंड में चट्टान के नीचे दबने से 66 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग जंगल में सर्दियों के लिए सूखी लकड़ियां लेने गया था। अचानक एक बड़ी चट्टान लुढ़कते हुए आई और बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 50 हजार रुपये की राशि दी है।
पुलिस के अनुसार भुजोंड निवासी 66 वर्षीय रूपराम बुधवार शाम लकड़ियां लेने के लिए जंगल गया था। भुजोंड के समीप के जंगल की घासनी में वह सूखी लकड़ियाें की टहनियां काट रहा था। अचानक घासनी से एक चट्टान उसके ऊपर गिर गई। इसके नीचे दब जाने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही नौहराधार पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
तहसीलदार नौहराधार हीरा सिंह ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में दिए। मृतक अपने पीछे एक बेटा और पत्नी छोड़ गया। रूपराम की मौत से क्षेत्र गमगीन है। गौरतलब है कि एक तरफ गिरिपार क्षेत्रों में माघी का पर्व बड़े हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाता हैं, लेकिन भुजोंड में इस मृत्यु से माघी का पर्व मातम में छा गया है।