अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)।
कालाअंब इलाके से सटे बर्मापापड़ी-जंगलाभूड़ सड़क मार्ग के साथ लगते गुलरिया खड्ड में एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय निशांत निवासी नारायणगढ़ के रूप में हुई है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
उधर, पुलिस ने मामले मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे पेश आया। गुलरिया खड्ड के पास दोपहर के समय कुछ युवकों की टोली नहाने उतरी थी। इस दौरान खड्ड में नहाते समय निशांत पानी में डूब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवकों व ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक कालाअंब के एक उद्योग में कार्यरत था। रविवार को छुट्टी के दौरान वह अपने साथियों के साथ गुलरिया खड्ड में नहाने पहुंचा, जहां उसकी डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस खड्ड से हरियाणा के नारायणगढ़ की दूरी सिर्फ 12 किलोमीटर है। कई बार युवक नहाने के लिए इस खड्ड में आते हैं। रविवार को भी युवकों की एक टोली इस खड्ड में नहाने पहुंची थी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस खड्ड में उतरना काफी जोखिमपूर्ण है। इसके बावजूद भी युवक चुनौती की परवाह नहीं करते।
उधर, पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कालाअंब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ युवा खड्ड में नहा रहे थे कि अचानक एक युवक पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।
------गुलरिया खड्ड में डूबा युवक, मौत
साथियों के साथ नहाने पहुंचा था युवक
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, केस दर्ज