अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। स्थानीय बाजार में अस्पताल सड़क के पास चल रहे एक रेस्टोरेंट में लाठियों और सरिये के टुकड़ों से लैस करीब दस लोगों ने दो कर्मचारियों सहित रेस्टोरेंट मालिक पर हमला कर दिया। मारपीट और तोड़फोड़ कर शरारती तत्व मौके से फरार हो गए। रेस्टोरेंट मालिक ने पुलिस मेें मामला दर्ज करवाया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शिलाई में होली के दिन शिलाई के दो युवकों और रेस्टोरेंट के कर्मियों के बीच हुई आपसी कहासुनी हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट कर्मी की ओर से दो लोगों के साथ हाथापाई के चलते शिलाई के लोगों ने उसकी मारपीट कर दी। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता एवं रेस्टोरेंट के मालिक नरेश ने बताया कि काउंटर पर दिनेश चौहान बैठा था और अनिल अपने किसी कार्य में व्यस्त था कि एकाएक दो बोलेरो गाड़ियों में नौ-दस लोग आ धमके। उन्होंने अकारण तीनों पर लाठियों और सरिये से प्रहार कर दिए। रेस्टोरेंट में भारी तोड़फोड़ के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। अकारण हुई मारपीट से उसकी टांग और बाजू, दिनेश की दोनों बाजुओं और अनिल की दोनों टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी मोहर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि भादंसं की धारा 452,147,48,49 व 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी निर्दोष भारद्वाज ने बताया कि घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।