चौपाल/रोहड़ू। रोहड़ू और चौपाल में तीन सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। दो हादसे चौपाल और एक रोहड़ू में हुआ। पहला हादसा वीरवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जोड़ना पंचायत के सरी गांव में हुआ। सरी में बोलेरो कैंपर करीब पांच सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर मौत हो गई है। देवठी धार के पास हादसा हुआ। वाहन में श्याम सिंह रपटा (48) और उनके अंकुश रपटा (24) निवासी मसिवना, डाकघर पुलबाहल की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल से एएसआई विरेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
दूसरा हादसा वीरवार रात करीब नौ बजे झीकनी पुल के पास बाग नामक स्थान पर हुआ। यहां टिपर गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई। इसकी पहचान विनोद कुमार पुत्र मंगत राम ग्राम खोखाह, डाकघर रुसलाह, तहसील नेरवा के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को खाई से निकाली। डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इधर, पारसा -शेखल संपर्क मार्ग पर धारा खड्ड के समीप बुधवार रात बोलेरो हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने वीरवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसा बुधवार देर रात धारा खडड् के समीप हुआ। बलेरो गाड़ी धारा गांव की ओर जा रही थी। इसी बीच धारा खड्ड के पास हादसा हो गया। हादसे का पता सुबह लगा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मरने वाले की पहचान प्रदीप कुमार (34) गांव धारा, तहसील रोहड़ू के रुप में हुई है। डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हुई है। हादसा बुधवार को देर रात हुआ।