पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने 8 साल बाद चूरापोस्त के मामले में एक उद्घोषित अपराधी को दबोचा है। पांवटा पुलिस ने आरोपी सोमपाल को जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है।
पांवटा पुलिस ने 26 अप्रैल 2010 में आरोपी से 1172 किलोग्राम चूरापोस्त की बड़ी खेप बरामद की थी। प्रदेश में पकड़े गए चूरापोस्त के मामलों में यह भी एक बड़ा मामला है। इस मामले में पांवटा पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया था। जबकि दूसरा आरोपी एवं वाहन मालिक मौके से फरार चल रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पांवटा पुलिस ने साल 2010 में बहराल बैरियर के समीप नाके के दौरान टाटा-407 ट्रक से चूरापोस्त की बड़ी खेप बरामद की थी। 60 बैग में 1172 किलो चूरापोस्त मिली थी। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया था। लेकिन, यूपी के बदायूं के मोहल्ला होली चौक नेट बस्ती बसोली निवासी सोमपाल मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था। पांवटा थाना में 147/10 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। अदालत ने सोमपाल को भगौड़ा घोषित कर दिया था। पिछले कुछ वर्षों से आरोपी पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था। कुछ समय पहले दिल्ली में दर्जी का कार्य कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी। जैसे ही आरोपी अपने घर पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पांवटा थाना लाया गया। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 2010 में एनडीपीएस एक्ट का मामला पांवटा थाने में दर्ज हुआ था। इस मामले में यूपी के बदायूं निवासी आरोपी सोमपाल पुत्र राम विलास को गिरफ्तार कर लिया गया है।