पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के तिब्बती मार्केट में बुधवार दोपहर को अचानक आग भड़क गई। आग लगने से चार दुकानें जल कर स्वाह हो गई है। एक दुकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। व्यापारियों के अनुसार आग से डेढ़ से 2 लाख तक की क्षति हुई है। आग पर अग्निशमन विभाग, स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने मिल कर काबू पाया। जिससे आसपास लगती अन्य दुकानों और लोनिवि के विश्राम गृह, आईपीएच कार्यालय तक आग को फैलने से बचा लिया गया।
बुधवार दोपहर करीब 1.15 बजे लोक निर्माण विश्राम गृह में अचानक आग लग हुई। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। कन्या रावमापा स्कूल पांवटा व रेस्ट हाउस के समीप तिब्बती मार्केट की अस्थाई 10 दुकानें बनी हुई हैं। आग की चपेट में आने से पेेंपा सिरिंन, याचिन डोलकर, कोलसन तेंजिन, फांगचू व ताशी बूटी की रेडीमेड कपड़ों की 5 दुकानों को क्षति पहुंची। इन व्यापारियों का कहना है कि आगजनी से करीब डेढ़ से 2 लाख की क्षति हुई है। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया। जिसके बाद फायर ब्रिगेड टीम, श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड टीम में लीडिंग फायर मैन उपेंद्र सिंह, फायर मेन विनोद कुमार, जोगी राम, नरेश कुमार व चालक असलम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई। जिससे आसपास की दुकानों, साथ लगते लोनिवि के विश्राम गृह व आईपीएच विभाग कार्यालय को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। उधर, सूरजपुर पांवटा अग्निशमन केंद्र प्रभारी प्रेम चंद चौधरी ने कहा कि सूचना मिलते ही लीडिंग फायर मैन उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर भेज दी गई। टीम ने तिब्बती मार्केट में लगी आग पर काबू पाकर आसपास फैलने से बचा लिया।