हिसार। शहर में अवैध रूप से होर्डिंग लगाने वाले 35 लोगों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने शहर थाना पुलिस को इन लोगों के खिलाफ शिकायत दे दी है। जिन पर कार्रवाई के आदेश हुए हैं, उनमें कोचिंग सेंटर संचालकों से लेकर अलग अलग दुकानेें चलाने वाले भी शामिल हैं। वहीं एक बाबा के नाम पर बनी समिति के खिलाफ भी केस दर्ज करने की अनुशंसा की गई है, जिसने पिछले दिनों शहर में पोस्टरों व होर्डिंग्स लगाकर गंदगी फैलाने का काम किया था।
अब पार्षदों की लगवा रहे सिफारिश
जैसे ही एफआईआर दर्ज किए जाने के आदेश मिले तो शहर थाना पुलिस की ओर से अवैध होर्डिंग लगाने वालों को जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही कई दुकान संचालक और संस्थानों के संचालक निगम कार्यालय में दौड़ लगाते नजर आए। उन्होंने अधिकारियों से एफआईआर न करवाने का आग्रह किया। वहीं कुछ दुकानदारों ने एफआईआर दर्ज करवाने की बजाय जुर्माना भरवाने की अपील की। इसके लिए पार्षदों की भी सिफारिश लगाई जा रही है।
पहले भी सौ से अधिक लोगों के खिलाफ दी थी शिकायत
यह पहला मौका नहीं है, जब निगम प्रशासन ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हों। इससे पहले भी सौ से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई थी। मगर पुलिस प्रशासन की तरफ से भी ढुलमुल कार्रवाई के चलते अवैध रूप से होर्डिंग लगाने वालों के हौसले बुलंद हैं।
स्थान निर्धारित कर एजेंसी को दिया हुआ है ठेका
नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर में होर्डिंग्स लगाने के लिए स्थान निर्धारित किए हुए हैं। इन स्थानों पर होर्डिंग लगवाने के लिए एक एजेंसी को ठेका भी दिया हुआ है। शहर के किसी भी संस्थान, संस्था या अन्य व्यक्ति को होर्डिंग लगवाना हो तो उसे एजेंसी से संपर्क करके निर्धारित चार्ज देना होता है। मगर फिलहाल लोग मनमर्जी से होर्डिंग लगा रहे हैं।
शहर में होर्डिंग लगाने के लिए हमने स्थान चिह्नित किए हुए हैं। जिनको भी होर्डिंग लगाने हैं, उन्हीं स्थानों पर लगाएं। मगर लोगों ने मनमर्जी चला रखी है। इसीलिए अब 35 लोगों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए हैं। अभी और लोग भी चिह्नित किए जा रहे हैं।
- डॉ. पीके हुड्डा, डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर, नगर निगम