अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)।
शिलाई-पांवटा एनएच-707 पर एक मारुति कार के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार सभी चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को शिलाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पांवटा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार हादसा वीरवार सुबह 11 बजे उस समय पेश आया जब शिलाई से 2 किलोमीटर दूर शिलाई-पांवटा एनएच 707 पर धकोली के समीप एक मारुति कार खाई में जा गिरी। कार में सवार सभी लोग शिलाई से पांवटा जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पांवटा से शिलाई की ओर आ रही एक अन्य गाड़ी को पास देते समय यह हादसा पेश आया।
कार चालक सामने से आ रही गाड़ी को पास देते हुए खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार चारों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से शिलाई अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद पांवटा अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर शिलाई के तहसीलदार मस्तराम व कार्यालय कानूनगो संतराम तोमर ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की ओर से तीन घायलों को 2-2 हजार रुपये तथा एक घायल दिनेश कुमार को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।
घायलों में 30 वर्षीय कांडो दुकाना निवासी एवं कार चालक (मालिक) रविंद्र सिंह, 25 वर्षीय पाब मानल निवासी माम राज, 32 वर्षीय सुंदराड़ी निवासी दिनेश कुमार तथा 28 वर्षीय सुंदराड़ी निवासी प्रताप सिंह शामिल हैं। शिलाई अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पीयूष तिवारी ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद पांवटा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, शिलाई थाना के प्रभारी दुलो राम ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।