अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। अपनी नाबालिग मंगेतर के साथ शारीरिक संबंध बनाकर उसे मां बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी शमशेर सेहात गांव का रहने वाला है।
आरोपी ने अपनी ही नाबालिग मंगेतर के साथ शारीरिक संबंध स्थापित करके उसे मां बना दिया था। मां बनी नाबालिग ने नवजात को नाहन अस्पताल में जन्म दिया था लेकिन कुछ समय बाद बच्चे की मौत हो गई। नाबालिग की शिकायत पर रेणुका पुलिस ने उसके मंगेतर के खिलाफ दुराचार और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करके रविवार देर रात को उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 30 जून तक पुलिस रिमांड पर रखे जाने के आदेश दिए गए।
रेणुका थाने के एसएचओ मानवेंद्र ठाकुर ने आरोपी का पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी का अपनी ही मंगेतर के घर आना जाना लगा रहता था। इसी बीच उसने नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इससे वह गर्भवती हो गई। 17 जून को नाबालिग ने नाहन अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
-------------