पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत जामनीवाला में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान तेजधार हथियार का इस्तेमाल किया गया। मारपीट में दोनों गुटों के तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर कर दिया गया है। पांवटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा की जामनीवाला में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच जमकर लाठी डंडे व लात घूंसे चले। इस दौरान तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। मारपीट में सुलेमान (40) व मानिबा (30) और दूसरे गुट से मनोवर अली (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों में जमीन विवाद के चलते पुरानी रंजिश चल रही है। मंगलवार को दोनों पक्षों में बहस हुई। इसके बाद जमकर मारपीट हुई। मारपीट में घायल तीनों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। वरिष्ठ डॉ. कमाल पाशा ने हालत गंभीर होने के कारण सुलेमान को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर कर दिया है। एक घायल पर किसी तेजधार हथियार से प्रहार किया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि क्रॉस मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।