अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पड़ने वाले धौलाकुआं की एक इकाई में मजदूर की मौत हो गई। इकाई परिसर में दुर्गंध फैल रही थी। खोजने पर इकाई में कार्यरत मजदूर का संदिग्ध हालत में शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचित कर शव कब्जे में ले लिया गया है। माजरा पुलिस टीम जांच में जुटी है।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि उत्तरप्रदेश के सहारनपुर गागलोहड़ी निवासी आस मोहम्मद (19) पुत्र मुर्तजा धौलाकुआं की एक इकाई में कार्य करता था। आशंका जताई जा रही है कि रात को कार्य के दौरान मोबाइल पर बात करते हुए बीच में छोड़े गए स्थल से नीचे जा गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।