सराहां (सिरमौर)। नाहन-सराहां-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर चरानी घाट के समीप ट्रक व मारुति कार के दुर्घटना ग्रस्त होने से चार कार सवारों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार शिमला की तरफ से बुधवार को चरानी घाट के पास कार नंबर एचपी03सी-7810 और ट्रक नंबर एचपी 71-8523 के बीच टक्कर हो गई।
वाहनों की आपसी भिड़ंत की सूचना क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद पच्छाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पाया कि कार में सवार चार व्यक्ति बीना देवी, सलूणी, चिंतामणी और चमन घायल हुए जो गांव झंडीछोड़, तहसील कोटद्वार (उत्तराखंड) के निवासी हैं। यह सभी लोग एक ही परिवार के थे। इन लोगों के सिर, टांगों और शरीर के कई अंगों में चोटें लगी हैं जिन्हें पहले सिविल अस्पताल सराहां लाया गया और उसके बाद प्राथमिक उपचार करने के बाद नाहन रेफर किया गया।
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि ट्रक ड्राइवर दिनेश कुमार गांव जमटा के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एसडीएम पच्छाद शंशाक गुप्ता ने कहाकि घायलों को फौरी राहत के रूप में पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं।
..............