पांवटा साहिब इलाके के खारा और लाई के जंगल में अवैध शराब नष्ट करती वन विभाग की टीम।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के वन्य क्षेत्रों में वन विभाग की नशे के खिलाफ मुहिम जारी है। शुक्रवार को तेज बारिश के बीच भी टीम ने दिन भर खारा और लाई के जंगलों में छापामारी की। इस दौरान वन विभागीय टीम ने तीन अवैध शराब की भट्ठियों में सात ड्रमों में रखी 1050 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मौके पर पीतल के मटकों में रखी करीब 30 लीटर कच्ची शराब भी बहा दी। वन विभागीय टीम में बीओ सुमंत के नेतृत्व में वनरक्षक मुद्दसिर, रणवीर, अनिल, रतन और वनकर्मी हरिचंद ने कार्रवाई की है।
शुक्रवार को दिन भर बीच बीच में भारी बारिश में वन विभागीय टीम की कार्रवाई जारी रही। इस दौरान लाहन के सात ड्रमों और मटकों को कुल्हाड़े से काटकर नष्ट कर दिया गया है। हालांकि, अवैध नशा माफिया के तार बेहद मजबूत हैं। पुलिस या वन विभागीय टीम की किसी भी कार्रवाई से पहले घने जंगल में शराब माफिया और इनके साथ काम करने वाले लोग रफू चक्कर होने में कामयाब हो जाते हैं।
पिछले डेढ़ वर्ष में स्थानीय वन विभाग टीमों ने जंगल में बन रही अवैध शराब के खिलाफ खास मुहिम छेड़ रखी है जिसमें जंगल क्षेत्रों से दर्जनों अवैध शराब की भट्ठियों और लाहन से सैकड़ों ड्रमों और तैयार की गई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया जाता है।
उधर, डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल अंग्रीश ने पुुष्टि की है। डीएफओ ने कहा कि लगातार पांवटा क्षेत्र के जंगलों से अवैध शराब निर्माण और तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। भविष्य में भी अवैध शराब तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी जिससे जंगल क्षेत्रों में तैयार की जा रही अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाया जा सके।