पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के युवा आढ़ती ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। व्यापारी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को पता चला, जिसके बाद पहले पांवटा सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उत्तराखंड के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां व्यापारी अंकित की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पांवटा पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब नगर परिषद वार्ड-एक के अमर कॉलोनी बद्रीपुर निवासी अंकित गुप्ता (35) पुत्र राधे श्याम आढ़ती का काम करते थे। रविवार को अंकित ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे पांवटा अस्पताल और एक निजी अस्पताल में उपचार को पहुंचाया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे उत्तराखंड के लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर अंकित ने दम तोड़ दिया।
पांवटा थाना पुलिस जांच टीम ने मृतक के जीजा प्रदीप कुमार के ब्यान दर्ज किए हैं, जिसमें पता चला है कि आढ़ती का काम करने वाला अंकित आर्थिक रूप से काफी परेशान रहने लगा थे। इसके लिए अपने जीजा से कई बार उधार भी लिया। उपचार के दौरान अपने जीजा को बताया था कि जहरीली दवा खा ली है। पांवटा पुलिस टीम ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आईपीसी की धारा-174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अंकित गुप्ता(35) पुत्र राधे श्याम की बिसरा रिपोर्ट एफएसएल लैब में जांच को भेज दी गई है। रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण पता चलेगा। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।