फाइनल में पाब मानल की टीम को हराया, अमन रहे मैन ऑफ द सीरीज
कमरऊ खेल मैदान में छठी केपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कमरऊ में केपीएल सीजन क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया है। प्रतियोगिता में जिले की कुल 64 टीमों ने भाग लिया। एक तरफा रहे फाइनल में कूंहट की टीम ने 29 रनों से जीत दर्ज कर ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया है। अमन को मैन ऑफ द सीरीज तथा किन्नू को सर्वश्रेष्ठ विकेट कीपर का पुरस्कार मिला।
क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन समिति सदस्य विपुल शर्मा और कपिल ठाकुर ने बताया कि कमरऊ प्रीमियर लीग का फाइनल मैच पाब मानल व कूंहट टीम के बीच हुआ। टॉस जीत कर पहले खेलते हुए कूंहट की टीम ने 6 ओवर में 55 रनों का स्कोर किया। जवाब में पाब मानल की पूरी टीम 26 रनों पर सिमट गई। 29 रनों से जीत दर्ज कर कूंहट की टीम ने ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया है।
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्यातिथि ब्रह्मानंद ठाकुर और विशिष्ट अतिथि लाल सिंह ठाकुर ने विजेता-उप विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। विजेता रही कूंहट की टीम को 1.11 लाख और ट्राॅफी तथा उपविजेता रही पाब मानल की टीम को 51 हजार और रनर ट्राॅफी भेंट की गई। इससे पहले सेमीफाइनल में पाब मानल ने गंंगटोली तथा कूंहट ने नघेता टीम को हरा कर फाइनल में स्थान बनाया था।
समापन और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान केपीएल आयोजन समिति सदस्य रमन ठाकुर, विजेंद्र ठाकुर, जितेंद्र सिंह, राजेश, बलबीर सिंह, प्रताप, दिनेश कुमार और रमेश कुमार समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाद