पत्नी की आत्महत्या के मामले में
पति को राहत, जमानत पर रिहाई
- 26 जनवरी 2026 को पुरुवाला थाना का मामला, ससुराल में फांसी लगाकर कर दी थी आत्महत्या
- मृतका की मां ने लगाए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)।
उपमंडल पांवटा साहिब में पत्नी की आत्महत्या के मामले में आरोपी पति को अदालत से राहत मिल गई है। अदालत ने आरोपी राम कुमार को सख्त शर्तों के साथ जमानत दे दी है।
यह मामला पुरुवाला थाना में दर्ज है। गोजर गांव में 26 फरवरी 2026 को रजनी ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही रजनी को पति की ओर से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार पंचायत में समझौते भी हुए, लेकिन हालात नहीं सुधरे। घटना से कुछ दिन पहले ही रजनी ससुराल लौटी थी। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उसकी बेटी ने आत्महत्या की। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। अदालत में बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया। अदालत ने माना कि जांच पूरी हो चुकी है और आरोपी से आगे पूछताछ जरूरी नहीं है। इसी आधार पर कोर्ट ने 50 हजार का निजी मुचलका और एक जमानती सहित अन्य शर्तों पर जमानत मंजूर कर ली। कोर्ट ने साफ किया कि यह फैसला जमानत तक सीमित है।