पांवटा साहिब (सिरमौर)। टीकाकरण महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग ने जिला सिरमौर में शनिवार को शतप्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है। हालांकि, अभी भी प्रथम चरण के तहत 31 अगस्त तक अभियान जारी रहेगा। इसमें शेष बचे लोगों या बाहरी लोगों का टीकाकरण होगा। प्रथम कोविड-19 टीकाकरण अभियान में धगेड़ा स्वास्थ्य खंड प्रथम और राजपुर स्वास्थ्य खंड दूसरे स्थान पर काबिज रहा ह्रै।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार सिरमौर की कुल जनसंख्या 5,90,128 है। इसमें से 18 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों की कुल संख्या 3,92,137 के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। टीकाकरण के प्रथम चरण में 28 अगस्त की शाम तक जिले में कुल 3.94 लाख लोगों को प्रथम डोज लगाई जा चुकी है जो तय किए गए लक्ष्य से अधिक हो चुकी है। जिलेभर में कुल पांच स्वास्थ्य खंड (ब्लॉक) है।
शुक्रवार तक धगेड़ा ब्लॉक में 116 फीसदी लक्ष्य पूरा हुआ है। तय लक्ष्य 77,905 था, अब तक इस ब्लॉक में कुल 90,555 लोगों को टीका लग गया है। राजपुर ब्लॉक में 110 फीसदी लक्ष्य पूरा हुआ है। निर्धारित लक्ष्य 1,39,553 था। जबकि प्रथम चरण में अब तक 1,54,187 लोगों को टीका लगाया गया है। पच्छाद ब्लॉक में 98 फीसदी, संगड़ाह ब्लॉक में करीब 81 फीसदी और शिलाई ब्लॉक में करीब 70 फीसदी तक लक्ष्य पूरा किया है। जबकि, दूसरे चरण में अभी टीकाकरण अभियान जारी है।
सीएमओ सिरमौर डॉ. संजीव सहगल ने कहा कि शनिवार शाम तक वैक्सीन की कोविड-19 की पहली डोज टीकाकरण का 100 फीसदी लक्ष्य पूरा हो गया है। जिला में पांच स्वास्थ्य खंड राजपुर, धगेड़ा, पच्छाद, संगड़ाह और शिलाई हैं। टीकाकरण में 3,92,137 लक्ष्य के सापेक्ष 3.94 लाख लोगों को टीका लग गया है। लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी टीकाकरण टीमों में शामिल चिकित्सकों, कर्मचारियों, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी समेत विभिन्न विभागों के सहयोगी सदस्यों की मेहनत शामिल हैं। 31 अगस्त तक जिला में प्रथम चरण टीकाकरण अभियान जारी रहेगा जिससे बाहरी राज्यों के रहने वाले एवं ऐसे स्थानीय लोग जो अब तक टीका नहीं लगवा सके उनका प्राथमिकता से टीकाकरण होगा।