नगर पंचायत राजगढ़ में हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विधायक व एसडीएम के साथ मौजूद मनोनीत पार्षद।
- फोटो : NAHAN
राजगढ़ (सिरमौर)। नगर पंचायत राजगढ़ में मनोनीत तीन पार्षदों को शुक्रवार को एक सादे समारोह में एसडीएम राजगढ़ सुरेंद्र मोहन ने शपथ दिलाई। नगर पंचायत के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विधायक रीना कश्यप भी उपस्थित रहीं।
एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने सबसे पहले विनोद दानी उसके बाद सौरव साहनी और अंत में राजेंद्र सूद को शपथ दिलाई। इन तीनों को सरकार ने हाल ही में मनोनीत किया था। विनोद दानी इससे पूर्व भी नगर पंचायत के सदस्य रह चुके हैं।
इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप ने सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई दी और आग्रह किया कि वह नगर पंचायत राजगढ़ के समग्र एवं सर्वांगीण विकास के लिए अपना अहम योगदान देंगे ताकि राजगढ़ शहर एक आदर्श शहर बन सके। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को सरकार से जो भी कुछ विकास के लिए जरूरत होगी। वह उसे पूरा करने के लिए पूर्ण सहयोग करेंगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत राजगढ़ के उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, सचिव अजय गर्ग, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा कश्यप, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी अविनाश दानी, जिला परिषद सदस्य सतीश ठाकुर और व्यापार मंडल के अरविंद राय, भाजपा नेता सुरेश ठाकुर, पृथ्वीराज ठाकुर, जय प्रकाश ठाकुर, सचिन सूरी, अजय सूद, नगर पंचायत सदस्य ज्योति साहनी, अमित कुमार और सुनीता कश्यप सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
...............