उच्च पाठशाला धगेड़ा-2 में शिक्षा और खेलों के मेधावी बच्चे किए पुरस्कृतवार्षिक पुरस्कार समारोह में आजाद सदन को मिला सर्वश्रेष्ठ सदन का खिताब
सचित्र
संवाद न्यूज एजेंसी नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च पाठशाला धगेड़ा-2 में दसवीं कक्षा के छात्र अमित और आठवीं कक्षा की छात्रा उर्मिला को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से नवाजा गया। दोनों को यह पुरस्कार स्कूल में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धगेड़ा के पूर्व प्रधान और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि और सेवानिवृत्त मुख्य शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
मुख्यातिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना पेश की। अध्यापक गोविंद शर्मा शास्त्री ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अध्यापिका सीता कश्यप ने वार्षिक प्रतिवेदन रखा।
छात्र-छात्राओं ने हिमाचली, पंजाबी, हिंदी गीतों पर शानदार नृत्य पेश करके तालियां बटोरीं। सुमित, अमित, सौरभ, अभय ने हास्य नाटिका से दर्शकों को खूब लोटपोट किया। छात्राओं के मनमोहन नृत्य को भी खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार किए गए विज्ञान और गणित के मॉडल की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंच संचालन गणित अध्यापक अनिल शर्मा ने किया। अंत में मुख्यातिथि ने शिक्षा, खेल व दूसरी गतिविधियों के मेधावी बच्चों को स्मृति चिह्न, मेडल व ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। आजाद सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन के खिताब से नवाजा गया। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। अंत में कला अध्यापक दीपराज विश्वास ने सभी लोगों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में विद्यालय का पूरा स्टाफ, प्राथमिक विद्यालय के मुख्य शिक्षक रमेश चंद शर्मा, एसएमसी प्रधान ऊषा ठाकुर सहित सभी सदस्य, अभिभावक आदि मौजूद रहे।