नाहन में करेंगे कई योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास सीएम के सिरमौर प्रवास की तैयारियों में जुटा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू छह जनवरी को सिरमौर प्रवास पर रहेंगे। उनका दौरा तय होते ही जिला प्र्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री सिरमौरी ताल में आई आपदा का जायजा लेने और हाल ही में पांवटा साहिब में एक शादी समारोह में शिरकत करने के दौरान पुरूवाला पहुंचे थे। जहां उन्होंने सिरमौरी हॉट का शिलान्यास किया था।
विज्ञापन
तीन जनवरी को भी मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे रद्द करना पड़ा। अब मुख्यमंत्री शनिवार को जिला मुख्यालय नाहन के प्रवास पर रहेंगे, जहां वह ऐतिहासिक चौगान मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ साथ नाहन विधानसभा क्षेत्र में 216 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुद्वारा शंभुवाला-कून सड़क पर मारकंडा नदी में बने 80 मीटर और 27.60 मीटर लंबे पुलों और मेडिकल कालेज नाहन में आवासीय भवन टाइप-थ्री का का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ साथ मल निकासी योजना नाहन, एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत नाहन व पांवटा खंड में बनने वाली सिंचाई योजनाओं, जमटा में पेयजल योजना, सिंचाई योजना गाड्डा भुड्डी और मारकंडा नदी पर चैक डेम, कालाअंब में बनने वाली विभिन्न सिंचाई योजनाओं के संवर्धन, सुरला के चासी में वर्षा जल संचयन संरचना निर्माण, कठाना में पताहर खड्ड पर चैक डेम, मेडिकल कालेज नाहन में छात्रावास भवन और कांशीवाला में चूजा उत्पादन केंद्र भवन का शिलान्यास करेंगे।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री सिरमौर को 216 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। उन्होंने बताया कि सीएम को दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां शुरू हो गई हैं। चौगान मैदान में मुख्यमंत्री विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।