नाहन (सिरमौर)। कोरोना से बचाव को लेकर वैक्सीन लगाने के लिए वैसे तो जिला में व्यापक जागरूकता अभियान वैक्सीनेशन से पहले ही शुरू कर दिया गया था। बुजुर्गों और 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों का पहले टीकाकरण किया गया, साथ ही उन्हें जागरूक किया गया। जब 15 से 17 वर्ष के किशोरों के वैक्सीनेशन की बारी आई तो बच्चों में थोड़ा डर जरूर था।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने प्रोत्साहित कर बच्चों के इस डर को दूर किया गया। इसके बाद किशोरों ने बिना किसी डर के उत्साह के साथ टीकाकरण केंद्र जाकर वैक्सीन लगवाई। किशोरों में टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांतियां नहीं थीं।
शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 15 से 17 वर्ष के बच्चों को टीकाकरण के लिए बाकायदा स्कूल प्रबंधन की ओर से उनकी काउंसलिंग की गई। उन्हें टीकाकरण के लाभ बताए गए। स्कूल में अभी तक 85 फीसदी बच्चों को को-वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लग गई है। वहीं 12 से 14 वर्ष की आयु के 80 फीसदी बच्चों को कार्बेवैक्स की पहली डोज लग गई है। शेष छूटे बच्चे, जो स्कूल में टीका नहीं लगवा पाए हैं उन्हें वैक्सीन लगाने के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से कहा गया है।
इसी तरह पाइनवुड हिल पब्लिक स्कूल जमटा में भी 12 से 17 वर्ष के करीब 74 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई है। स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों को कोविड के बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
--
बच्चों को बताए टीकाकरण के लाभ : मान सिंह ठाकुर
शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के प्रधानाचार्य मान सिंह ठाकुर ने बताया कि जब किशोरों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हुआ तो बाकायदा स्कूल में उन्होंने काउंसलिंग कर बच्चों को उत्साहित किया। उन्हें टीकाकरण के लाभ बताए गए।
--
अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों को किया जागरूक : जगदीश ठाकुर
पाइनवुड हिल पब्लिक स्कूल जमटा के प्रधानाचार्य जगदीश ठाकुर ने बताया कि वैक्सीन को लेकर उनके स्कूल के बच्चे पहले से ही प्रोत्साहित थे। अभिभावकों की ओर से उन्हें इसके लिए पूरी तरह से तैयार किया गया था। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन की ओर से भी उन्हें वैक्सीन लगाने के लिए जागरूक किया गया।
--
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाना जरूरी : कमलेश ठाकुर
अभिभावक कमलेश ठाकुर ने बताया कि उनके चार बच्चों को वैक्सीन लग चुकी है। टीकाकरण को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाना जरूरी है।
--
बच्चों को टीकाकरण के लिए किया जागरूक : देविंद्र दत्त शर्मा
अभिभावक देविंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि उनके दोनों बच्चों ने वैक्सीन लगवा ली है। उन्होंने बच्चो को वैक्सीन लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि स्कूल में भी बच्चों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया।
---
वैक्सीन लगवाते समय नहीं हुई कोई समस्या : प्रियांशु
छात्र प्रियांशु ने बताया कि उन्हें वैक्सीन लगवाते समय कोई समस्या नहीं हुई। टीका लगाने के बाद स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने उन्हें ठंड में न घूमने की सलाह दी। वह टीका लगाकर खुश हैं।
--
स्कूल प्रबंधन ने दो दिन पहले ही टीका लगवाने के लिए जानकारी दे दी थी: सपना
छात्रा सपना ने बताया कि कोवैक्सीन लगाने के लिए उन्हें स्कूल प्रबंधन की ओर से दो दिन पहले ही जानकारी दे दी गई थी। उन्हें अपना आधार कार्ड साथ लाने को कहा गया। टीका लगवाकर उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।