नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में 26 मई को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन जिले के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।
इसको लेकर उपायुक्त रामकुमार गौतम ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण और शिक्षा विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाने का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के छोटे बच्चों और युवाओं को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायता से कृमि मुक्त करना है ताकि उनका स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा बेहतर रहे। बैठक में उपायुक्त ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को 20 मई तक अपने-अपने चिकित्सा खंड के सभी स्कूलों के बच्चों की श्रेणीवार सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि एक और दो वर्ष के बच्चों को इस दवा की आधी खुराक दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 24 मई तक सभी शिक्षण संस्थानों में दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।