माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में शीश नवाते श्रद्धालु।
- फोटो : NAHAN
कालाअंब (सिरमौर)। माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। यहां स्थानीय व बाहरी राज्यों से आए लोगों के भारी संख्या में माता बाला सुंदरी के दर्शनों के लिए पहुंचने का सिलसिला जारी है।
मेले के 11वें दिन मंगलवार को माता बाला सुंदरी मंदिर में 8500 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट रोज की भांति मध्यरात्रि को ही खोल दिए गए थे। सुबह के समय मुख्य आरती और पूजा-अर्चना मंदिर के पुश्तैनी भक्त परिवार ने की।
इसके बाद स्थानीय और बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंगलवार को करीब साढ़े आठ हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में माता के सामने शीश झुकाया। इस दौरान मंदिर में माता के नाम के जयकारे भी खूब गूंजे।
मेला अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन माया राम शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्र के 11वें दिन माता बाला सुंदरी मंदिर में 8500 के करीब श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने 12 लाख 80 हजार 060 रुपये का चढ़ावा भी अर्पित किया।