अजौली स्कूल भवन के अतिरिक्त कमरों का उद्घाटन करते ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब(सिरमौर)। बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने रविवार को पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लगभग 2 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से ज्वालापुर, कांशीपुर व अजौली को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके अंतर्गत ऊर्जा मंत्री ने निचला कांशीपुर में 40 हजार लीटर टैंक और अजौली में 45 हजार लीटर की क्षमता के पीने के पानी के टैंक और एक ट्यूबवेल का भूमि पूजन किया।
इसके उपरांत, ऊर्जा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अजौली में 8 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अजौली उत्कृष्ट विद्यालय चयनित हुआ है जिसके लिए 44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शीघ्र ही यहां पर साइंस क्लास भी आरंभ कर दी जाएगी।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने खेल मैदान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने इस मैदान के लिए 15 लाख रुपये और जंजघर अजौली के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस दौरान पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सुभाष चौधरी, तहसीलदार वेद प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण केएल चौधरी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अरशद अहमद, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल चौधरी, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, प्रधानाचार्य मोहीराम, एसएमसी अध्यक्ष हरबंस लाल चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।