एक ओर जहां लोग नए साल के जश्न में डूबे थे, वहीं ठियोग के मतियाना में हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मंगलवार देर रात हुए हादसे में ऑल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। इसमें तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी हुई है।
ऑल्टो एचपी 02ए ए 0619 में सवार होकर तीन युवक शिमला से रामपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही कार मतियाना स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार सड़क से करीब 150 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक साजन, पुत्र राकेश, निवासी सुंगरा, तहसील निचार, जिला किन्नौर, प्रशांत, पुत्र शिव कुमार, गांव कश्मीर कल्पा, जिला किन्नौर और साहिल, पुत्र बिट्टू प्रताप, गांव काप्टी, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शिमला से अपने घर की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना रात 11 बजे के करीब हुई। कार के गिरने की आवाज से ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मृतकों को घटनास्थल से बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के ठियोग अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
मतियाना में हुए कार हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है-
सिद्धार्थ शर्मा, डीएसपी, ठियोग