नेपाल एकमात्र देश, जिसे हिमाचल से रेड गोल्डन सेब का निर्यात होता है
किन्नौर और स्पीति का सेब सीजन सबसे अंत में नवंबर के दूसरे हफ्ते तक चला। सेब की इस कम पैदावार का असर घरेलू कारोबार के साथ-साथ नेपाल को होने वाली आपूर्ति पर भी पड़ा है। नेपाल एकमात्र देश है, जिसे हिमाचल प्रदेश से रेड गोल्डन सेब का निर्यात होता है। शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी, पराला फल मंडी, परवाणू फल मंडी से नेपाल को सेब जाता है। नेपाल के साथ कम हुए सेब कारोबार की दूसरी सबसे बड़ी वजह इस बार नेपाल में 26 अगस्त, 2026 को आई प्राकृतिक आपदा भी जिम्मेदार रही है। हिमालय क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने और भूस्खलन से नेपाल की त्रिशुली और भोटेकाशी नदियों में भीषण बाढ़ आई। इस प्राकृतिक आपदा ने नेपाल को तोड़कर रख दिया। बाढ़ से सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा। लोगों की आर्थिकी पर बहुत बुरा असर रहा। नेपाल के सेब कारोबारी हिमाचल प्रदेश में नहीं आ सके। इस कारण भी नेपाल में इस बार हिमाचल प्रदेश के सेब की मांग घट गई। यही कारण रहा कि इस बार पिछले साल के मुकाबले हिमाचल से नेपाल के लिए 48 फीसदी कम सेब गया।
एकमात्र नेपाल ही अब एक ऐसा देश रह गया है, जहां हिमाचल प्रदेश के रेड गोल्डन की मांग है। नेपाल में प्राकृतिक आपदा के चलते इस बार नेपाल से आढ़ती कम पहुंचे, जिस कारण सेब कारोबार में कमी आई है। अब नेपाल के लोग खुद भी सेब का उत्पादन करने लगे हैं। - नरेंद्र ठाकुर, सलाहकार, हिमाचल प्रदेश मार्केटिंग बोर्ड
हिमाचल से नेपाल के लिए होने वाले कारोबार में इस बार करीब 50 फीसदी की कमी आई है। दोनों देशों में मौसम की ही मार प्रमुख रूप से सेब उत्पादन और कारोबार पर पड़ी। इससे सेब उत्पादकों को लाखों रुपये का नुकसान तो हुआ ही, साथ ही प्रदेश की आर्थिकी को भी इस बार करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। - देवानंद वर्मा, अध्यक्ष, एपीएमसी, शिमला एवं किन्नौर
इस बार नेपाल से रेड गोल्डन सेब की मांग कम रही है। हालांकि रेड गोल्डन किस्म के सेब की फसल भी कम रही है। इससे आपूर्ति प्रभावित हुई। नेपाल में आई त्रासदी का भी असर देखा गया। हालांकि बागवानों को रेड गोल्डन किस्म के सेब के कम फसल होने पर दाम अच्छे और संतोषजनक मिले।- कुलदीप कांत शर्मा, सेब बागवान, ठियोग