हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम इस बार सैलानियों के लिए अनूठी सौगात लेकर आया है। अपनी बेटी के साथ निगम के होटलों में ठहरने पर उन्हें 40 फीसदी छूट मिलेगी।
यही नहीं इसके अलावा और भी ऑफर पेश किए हैं। इस योजना का लुत्फ एक सितंबर से 10 सितंबर तक पर्यटन निगम के बड़े होटलों में उठा सकते हैं।
‘बेटियां अनमोल हैं’ इस स्लोगन को पर्यटन निगम भी चरितार्थ कर रहा है। निगम रविवार से अनूठी योजना ‘ए गिफ्ट फ्रॉम योर डॉटर’ पेश कर रहा है।
योजना का लाभ आप तभी उठा पाएंगे जब आप अपनी लाडली के साथ निगम के होटल में पधारेंगे। इससे पहले भी निगम पर्यटन सीजन में अनेक तरह के ऑफर पेश करता रहा है, लेकिन इस बार बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए योजना उतारी है।
यह योजना स्थानीय, अन्य राज्यों और विदेशी सैलानियों पर भी लागू होगी । प्रदेश में निगम के 54 होटल हैं। इनमें एक कमरे का न्यूनतम किराया 1000 रुपये है। योजना शुरू होने की पुष्टि डीजीएम वरुण शर्मा ने की है।
600 में मिलेगा 1000 का कमरा
विशेष पैकेज में बेटियों के साथ आने पर निगम रूम रेंट में 40 फीसदी डिस्काउंट देगा। यानी 1000 रुपये का कमरा 600 रुपये में मिलेगा।
पहली दो रातें बिना डिस्काउंट के बाद तीसरी रात के लिए कमरा बिलकुल मुफ्त मिलेगा। वन नाइट स्टे फ्री फ्रॉम योर डॉटर का तोहफा मिलेगा। सिर्फ रूम रेंट पर ही यह आफर मुहैया होगा।