रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वीरवार से एनएच 03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को रोहतांग का दीदार करने के लिए अगले छह महीनों तक इंतजार करना होगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बढ़ती बर्फबारी, अत्यधिक ठंड और सड़क पर पानी जमने के कारण यात्रा जोखिम भरी हो गई है। सुबह और रात के समय तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंचने से सड़क फिसलन भरी हो गई, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है। इसी वजह से प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी है।
हालांकि, अटल टनल रोहतांग होकर कोकसर से लगभग छह किलोमीटर दूर ग्रांफू के आसपास लोग बर्फ का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा लाहौल आने वाले पर्यटकों के लिए सिस्सू, स्नो स्वाइंट यांगला, केलांग, उदयपुर, त्रिलोकनाथ स्थित अवलोकितेश्वर मंदिर, जिस्पा और दारचा जैसे स्थानों तक आवाजाही जारी रहेगी। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि वीरवार से एनएच-03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।