पर्यटन नगरी मैकलोडगंज के साथ लगते भागसूनाग वाटरफॉल के पास वीरवार रात को पुलिस ने रेव पार्टी करते एक राष्ट्रीय शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत नौ छात्रों सहित 13 लोगों को पकड़ा है।
पकड़े गए लोगों में दो स्थानीय और दो दिल्ली के युवक शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार उक्त छात्र आधी रात को नशे की हालत में निजी कैफे में हुड़दंग मचा रहे थे। अधिकतर छात्र बाहरी राज्यों से संबंधित हैं।
बताया जा रहा है कि महानगरों की तर्ज पर यहां रेव पार्टी का पूरा इंतजाम था। इलेक्ट्रानिक म्यूजिक पर डांस करते पुलिस ने इन युवकों को उस वक्त धर दबोचा जब हुड़दंग मचाने की सूचना मिली।
पुलिस ने कैफे को भी सील कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को सभी 13 युवकों को धर्मशाला कोर्ट में पेश किया जहां उन्हें 500-500 रुपये के मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार वीरवार रात को सूचना के आधार पर मैकलोडगंज थाना की टीम ने एसएचओ गुरवचन की अगुवाई में भागसूनाग के एक निजी कैफे में छापामारी की। जहां पर कांगड़ा स्थित एक सरकारी शिक्षण संस्था के नौ छात्र स्थानीय युवकों के साथ रेव पार्टी कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार ये सभी छात्र नशे की हालत में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस इस दौरान नौ छात्रों, दो स्थानीय और दो दिल्ली के युवकों को गिरफ्तार कर थाने लाई।
स्थानीय युवक होशियार सिंह पुत्र रमेश चंद निवासी अप्पर बड़ोल और रमेश चंद पुत्र चरण दास निवासी भागसूनाग से 2 ग्राम चरस भी बरामद हुई है।
एसएचओ गुरवचन सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। छात्रों को पुलिस एक्ट 114 के तहत गिरफ्तार किया गया, इन्हें बाद में कोर्ट से रिहा कर दिया गया।