परिजन घायल महिला को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल रामपुर लेकर पहुंचे। पूर्व वार्ड पंच आत्मा राम ने घटना की जानकारी दी। गौरतलब है कि मंगलवार को बेसड़ी गांव के पास भी भालू ने एक भेड़पालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों का खेतों और जंगलों में जाना मुश्किल हो गया है। उधर, वन मंडल अधिकारी गुरु हर्ष ने बताया कि भालुओं के हमलों को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है। प्रभावित क्षेत्रों में 18 से 20 कर्मचारियों की टीम बनाकर गश्त शुरू कर दी गई है। बेसड़ी गांव के पास भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है, जबकि जगूनी गांव के पास भी पिंजरा स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अकेले खेतों और जंगलों में न जाने तथा एहतियात बरतने की अपील की। घायल महिला को विभाग की ओर से नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।