बद्दी के यूनिकेंप चौक के सौंदर्यीयकरण का कार्य हुआ शुरू- संवाद।
बिरला कंपनी ने उठाया कायाकल्प का जिम्मा,चौक को चौड़ा करने के साथ बनाया जाएगा हरा भरा
कूड़ा न फेंकने के लिए दीवारों पर लिखे जाएंगे पर्यावरण संरक्षण के नारे
आदित्य चड्ढा
बरोटीवाला (सोलन)। भटोलीकलां का यूनीकैंप चौक अब गंदगी और जाम से मुक्त होगा। बिरला कंपनी अपने सीएसआर फंड से इस चौक का कायाकल्प करने जा रही है। वर्तमान में कूड़ेदान बन चुके इस चौक को न केवल चौड़ा किया जाएगा, बल्कि इसे हरा-भरा बनाकर एक मॉडल चौक के रूप में विकसित किया जाएगा। यूनिकैंप चौक वर्तमान में अव्यवस्था का शिकार है। राहगीर यहां पॉलिथीन में भरकर कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध से उद्योगों में आने-जाने वाले लोग और स्थानीय निवासी परेशान रहते हैं। कंपनी नालियों पर पक्के स्लैब डालकर चौक का घेरा बढ़ाएगी, जिससे यहां लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। चौक को सुंदर बनाने के लिए वहां पौधरोपण किया जाएगा और दीवारों पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखे जाएंगे। भटोलीकलां निवासी विक्रम ठाकुर और हरभजन सिंह ठाकुर ने बताया कि यह चौक इस औद्योगिक बेल्ट का केंद्र बिंदु है। यहां से वर्धमान, सिक्का होटल, भटोली और बौणी गांव के लिए रास्ता कटता है। गंदगी के कारण बाहर से आने वाले निवेशकों और मेहमानों पर बुरा प्रभाव पड़ता था। अब जीर्णोद्धार होने से क्षेत्र की छवि सुधरेगी। संवाद
कोट
चौक पर भारी ट्रैफिक के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। हमारे पास इसे सुधारने का मांगपत्र आया था। अब चौक को चौड़ा कर इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कार्य को जल्द पूरा करने का लक्ष्य है।
- रोहित अरोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष, बिरला कंपनी
कोट
हमने चौक के कायाकल्प के लिए कंपनी प्रबंधन से बात की थी। वे इसके विकास के लिए तैयार हैं। चौक को हरा-भरा करने के साथ-साथ यहां कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर भी रोक लगेगी।
-गणेश लाल, नगर योजनाकार