रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में कोविड-19 के बाद पहली बार टूरिज्म एसोसिएशन की वार्षिक बैठक एसोसिएशन सलाहकार जियालाल नेगी की अध्यक्षता में रिकांगपिओ में हुई। बैठक में एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एसोसिएशन के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं के बारे में चर्चा के साथ-साथ कई प्रस्ताव भी पारित किए।
जिले से संबंधित सभी ट्रैकिंग रूटों पर ट्रैकर की संख्या निर्धारित करने के साथ-साथ यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि केवल किन्नौर के ट्रेवल एजेंट के माध्यम से ही ट्रैकिंग की जाएगी ताकि जिले के युवाओं को लाभ हो। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किन्नौर टूरिज्म एसोसिएशन का शीघ्र ही एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। साथ ही कोशिश रहेगी कि समय-समय पर गाइड व व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाए। एसोसिएशन से जुड़े हुए सभी टेक्निकल एक्सपर्ट द्वारा आपदा के दौरान प्रशासन की सहायता की जाएगी। जिले में सभी होम स्टे को भी एसोसिएशन से जोड़ा जाएगा और इसके लिए समय-समय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिले में काशंग ट्रैक एरिया को प्रमोट किए जाने व पोवारी में आने वाले समय में रॉक क्लाइमिंग करना भी निश्चित किया गया है। बैठक में शिवलिंग ट्रैक को भविष्य में व्यवस्थित रूप से टेक्निकल एक्सपर्ट युवाओं द्वारा ही चलाए जाने पर चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष चंद्र मोहन नेगी और सचिव नव प्रकाश नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।