संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शहर में लगातार पांव पसार रहे डेंगू मच्छर से निजात दिलाने के लिए अब नगर परिषद फॉगिंग स्प्रे का इस्तेमाल करेगी। मंगलवार को नप के पास मशीन पहुंची और शाम से शहर को सेनिटाइज करने का कार्य शुरू हो गया।
वहीं, नगर परिषद ने अब शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को डेंगू रोग के बारे में जागरूक करने का भी निर्णय लिया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग रामपुर की ओर से नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते जा रहे डेंगू रोग के मामलों को देखते हुए जागरुकता शिविर लगाया। बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी ने नगर परिषद अध्यक्ष और पार्षदों को विस्तार से डेंगू के लक्षणों और बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने नगर परिषद से आह्वान किया कि वे विभिन्न वार्डों में लोगों से साफ-सफाई रखने की अपील करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बरते जाने वाली सावधानियों का पालन करें। खुले स्थानों और घरों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। उन्होंने बताया कि डेंगू मच्छर के काटने के बाद इसके लक्षण एक सप्ताह बाद सामने आते हैं। इस मच्छर के काटने का समय सुबह सूर्योदय होने के समय और सूर्यास्त के समय अधिक रहते हैं। डेंगू से निजात के लिए सभी को सावधानी बरतनी जरूरी है। शहर में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए लोगों को घर-घर जाकर जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने नप के विभिन्न वार्डों में रह रहे लोगों को पार्षदों के जरिये जागरूक करने का आह्वान किया।
नगर परिषद ने फॉगिंग सेनिटाइजिंग मशीन मंगवा दी है। मंगलवार शाम को वार्ड-तीन और चार में सेनिटाइजेशन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को घर घर जाकर जागरूक किया जाएगा।
- बीआर नेगी, नगर परिषद , कार्यकारी अधिकारी
पार्षदों को जागरूक करने पहुंचा स्वास्थ्य विभाग, पार्षद रहे नदारद
मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में डेंगू जैसे घातक रोग से बचाव के बारे में जागरूक करने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तो पहुंचे, लेकिन शहर और आसपास के वार्डों के पार्षदों ने बैठक से कन्नी काट ली। ऐसे में डेंगू रोग को लेकर व्यापक स्तर पर कैसे जागरूकता फैलाई जा सकती है। नगर परिषद के नौ वार्डों में से केवल चार वार्डों के पार्षदों ने ही इस बैठक में हाजिरी भरी, जबकि पांच पार्षद बैठक में नहीं पहुंचे।