संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जुब्बल में हाटकोटी-सनैल एनएच के निर्माण कार्य में बाधा बने कब्जों को छोड़ने के लिए 5 मार्च तक का समय दिया था। लोगों को नोटिस दिए थे। इसके बावाजूद लोगों ने कब्जे नहीं छोड़े। अब एनएचएआई एनएच के लिए बाधा बने कब्जों को हटाएगा। एनएच की जद में आए करीब 30 मकान हैं, जिन्हें आंशिक रूप से तोड़ा जाना है। एनएच-707 पर सनैल से हाटकोटी तक 12.7 किलोमीटर का हिस्सा वर्ष 2022 से निर्माणाधीन है। सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण( एनएचएआई) की ओर से करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, लेकिन निर्माण में बाधा बन रहे कब्जों को अभी तक पूरी तरह से हटाने में एनएचएआई नाकाम रहा है। सड़क की अधिग्रहीत चौड़ाई के अंतर्गत कुछ लोगों के मकानों के हिस्से आ रहे हैं। लोगों ने अपने मकानों को एनएच की भूमि पर बढ़ाया हुआ है। लोगों को कब्जा हटाने का अंतिम अवसर दिया गया। एनएचएआई ने निर्देश दिए थे कि लोग 5 मार्च तक अवैध ढांचों को स्वयं हटाकर भूमि को खाली करें अन्यथा विभाग बिना किसी सूचना के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा, जिसकी समस्त लागत संबंधित लोगों से ही वसूल की जाएगी। सड़क निर्माण को 31 मार्च तक समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना है। इसके लिए अतिक्रमण हटना अनिवार्य है। अब नोटिस का समय पूरा हो गया है।
नोटिस का समय 5 मार्च को पूरा हो गया है। अब विभाग स्वयं कब्जों को हटाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन की मदद भी ली जाएगी। सड़क का कार्य 31 मार्च तक पूरा करना है, जिसके लिए कब्जों को हटाना जरूरी है।
शिव वर्धन, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण