ten years old boy fell down in Satluj and died
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत हनुमान घाट के समीप एक दस वर्षीय बालक की सतलुज नदी में गिरने से मौत हो गई हैै। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हनुमान घाट के पास सतलुज नदी में एक दस साल के बालक की गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बालक के शव को नदी से निकाला।
इसकी पहचान कर्ण (10) पुत्र ज्ञानी, निवासी बस स्टैंड मोहल्ला होशियारपुर, तहसील और जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पैर फिसलने से वह नदी में जा गिरा। वर्तमान में वह नोगली में लोनिवि के पेट्रोल पंप के साथ रह रहा था। पुलिस ने बच्चे के रिश्तेदारों के समक्ष मृत शरीर का परीक्षण किया। गवाहों के बयान भी कलमबद्ध किए गए हैं।
बताया कि खनेरी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव रिश्तेदारों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।