ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। तहसील ननखड़ी की लाइफ लाइन कही जाने वाली टिक्कर-खमाड़ी सड़क की दशकों बाद टारिंग तो शुरू हुई लेकिन यह टारिंग मिट्टी पर ही कर दी गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है।
विधायक नंद लाल ने शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया। विधायक नंद लाल ने कहा कि ठेकेदार और जेई के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। साथ ही उन्होंने टारिंग की गुणवत्ता का ध्यान रखने के लिए कहा। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। ठेकेदार की ओर से मिट्टी पर ही टारिंग करने का सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि दशकों बाद सड़क में टारिंग हो रही है। मिट्टी पर ही टारिंग करने से वह उखड़ जाएगी। हाल ही में चार करोड़ की राशि से टारिंग का कार्य शुरू हुआ है। मार्ग से ननखड़ी तहसील की 18 पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलना है, लेकिन टारिंग कार्य की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है।
स्थानीय लोगों ने सूचना विधायक को दी। बुधवार को विधायक ने मौके पर पहुंच कर टिक्कर-खमाड़ी सड़क का निरीक्षण किया। विधायक नंद लाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को सही तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समय-समय पर सड़क का निरीक्षण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
विधायक ने सड़क में घटिया टारिंग करने पर ठेकेदार और जेई पर विभागीय जांच करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर एससी रामपुर पासिंग नेगी, एक्सईएन रामपुर रजनीश बहल, एसडीओ ननखड़ी राहुल जंजीहा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर सतीश वर्मा, जिला परिषद सदस्य ननखड़ी हुकुम चंद, प्रधान ग्राम पंचायत खुन्नी-पनोली, कुलदीप मेहता, राजेंद्र चौहान, कुलदीप ठाकुर और राजेश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।