राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पदम छात्र स्कूल में शिक्षक छात्रों को एसओपी के बारे में जानकारी देते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर में चार महीने के बाद सोमवार को पाबंदियों के साथ स्कूल खुल गए हैं। इस दौरान विद्यार्थियों के पहुंचने से स्कूलों में रौनक लौट आई। पहले चरण में दसवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू की गई हैं। शिक्षा विभाग ने इसके लिए बाकायदा एसओपी भी जारी की है।
इसके तहत बच्चों की स्कूल में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग और हैंड सैनिटाइज करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। रामपुर उपमंडल के विभिन्न स्कूलों में एसओपी के तहत विद्यार्थी और शिक्षक स्कूलों में पहुंचे। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्कूलों में प्रार्थना सभाएं नहीं की गई। एक डेस्क पर एक विद्यार्थी के बैठने की व्यवस्था की गई थी। स्कूल खुलने का समय सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है। स्कूलों के प्रवेश द्वार पर भीड़ न होने इसके लिए बच्चों के स्कूल आने और छुट्टी के समय में भी अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।
सुबह से कन्या स्कूल रामपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पद्म छात्र स्कूल में पढ़ने वाले छात्र और छात्रों के चेहरे पर स्कूल खुलने की खुशी चेहरों पर साफ देखी जा सकती थी। स्कूल प्रबंधन ने प्रवेश द्वार पर ही बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग और हाथ सैनिटाइज करने की व्यवस्था कर रखी थी। पद्म स्कूल के छात्रों को शिक्षकों ने कक्षा में प्रवेश से पहले खेल मैदान में सामाजिक दूरी के तहत खड़ा करने के बाद एसओपी के बारे में जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पद्म छात्र स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता ने बताया कि आज सुबह सभी छात्रों को एकत्रित करके उन्हें निर्देशों का पालन करने के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालय में माइक्रो प्लान के तहत दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों को स्कूल बुलाया गया है।
दसवीं के छात्रों को सुबह 9:15, ग्यारहवीं के छात्रों को सुबह 9 बजे और बारहवीं के छात्रों को सुबह 8:45 मिनट पर स्कूल आने का समय रखा गया है। इसके अलावा स्कूल जाने के समय भी अलग-अलग रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों पर एसओपी का पूरा पालना किया जा रहा है। छात्रों के लंच की व्यवस्था भी अलग-अलग की गई है।