विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कोटेश्वर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुमारसैन ने शनिवार को दरबार मैदान में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया। समारोह में हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। समारोह में साल भर शैक्षणिक, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश रामचायक ने सभी के समक्ष वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों और वर्षभर आयोजित गतिविधियों की जानकारी सभी के समक्ष रखी। कार्यक्रम में कक्षा दूसरी जनेमेश महाजन ने 99.91 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा तीसरी में अर्नव भारोटा ने 99.71 प्रतिशत, चौथी में भार्गव ने 97.79 प्रतिशत, पांचवीं में इप्शिता श्याम ने 99.33 प्रतिशत और छठी में रिद्यान खेवटा ने 99.44 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा सातवीं में अवनि सूद ने 99.7 प्रतिशत, नौवीं में प्रकृति गुप्ता ने 96.71 प्रतिशत, दसवीं में आन्या श्याम ने 97 प्रतिशत, ग्यारहवीं में मान्या चौहान ने 97.20 प्रतिशत और बारहवीं में निकिता ने 90 प्रतिशत अंक लेकर अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठवीं में आरव शर्मा और आरव श्याम ने समान अंक हासिल किए। सभी मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अंग्रेजी सुलेख प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में पूर्वी, जूनियर वर्ग में कुशाग्र सोनी और सीनियर वर्ग में अंशिका प्रथम रहीं। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में जनेमेश महाजन, मन्नत और आन्या श्याम ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। विश्व जल दिवस पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में जनेमेश महाजन, आन्या चौहान और अवनि सूद ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंतर-सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यातिथि ने सभी विजेताओं को पुरस्कार दिए। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान मुख्यातिथि केहर सिंह खाची ने स्कूल प्रबंधन समिति को 51 हजार रुपये और विद्यार्थियों को मिठाई वितरित करने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम से पहले केहर सिंह खाची ने कुमारसैन स्थित विश्राम गृह में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने पंचायत ओडी-घडेवथी के महिला मंडलों को दस-दस हजार की राशि प्रदान की गई।
इस मौके पर डीएफओ कोटगढ़ निशांत पराशर, अरुण शर्मा, जिला परिषद सदस्य तारा देवी, बीडीसी उपाध्यक्ष पिंकी ठाकुर, विजयपाल खाची, कुमारसैन पंचायत प्रधान प्रवीण वर्मा, जार पंचायत प्रधान नवीन मेहता उपस्थित रहे।