आर्दश विद्यालय आनी की रुहानिका बनी हिमाचल प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। सोलन में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में रुहानिका ने श्रेष्ठ युवा सांसद का खिताब जीता है। प्रतियोगिता में लाहौल-स्पीति को छोड़कर सभी 11 जिलों की टीमों ने भाग लिया। इसमें जिला कुल्लू का नेतृत्व आदर्श विद्यालय आनी ने किया।
प्रतियोगिता में सभी जिले की टीमों ने महंगाई, ओपीएस, राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सुरक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर संसदीय प्रणाली के अंतर्गत वाद-विवाद किया और कई विधेयक पारित किए। प्रतियोगिता में 254 अंकों के साथ स्थानीय पाठशाला सोलन को विजेता घोषित किया गया। आदर्श विद्यालय आनी के प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर जिला कुल्लू का नेतृत्व करते हुए 251 अंकों के साथ प्रथम उत्कृष्ट प्रदर्शन का स्थान प्राप्त किया।
आदर्श विद्यालय आनी की छात्रा रुहानिका वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका का निर्वहन करते हुए राज्य स्तर पर श्रेष्ठ युवा सांसद का खिताब जीता। मुख्यातिथि प्रमोद चौहान अतिरिक्त निदेशक उच्च शिक्षा और संयोजक जगदीश नेगी उपनिदेशक उच्च शिक्षा सोलन ने विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए।
आदर्श विद्यालय की ओर से बबिता ने स्पीकर, देशराज ने प्रधानमंत्री, डीकेश ने गृहमंत्री, गरिमा ने कानून मंत्री और राहुल, सुनिधि, सुजल, हितेश, आरती, कोमल और इशिता सभी 27 विद्यार्थियों ने बखूबी अपने किरदार निभाए। पाठशाला की ओर से गाइड अध्यापक प्रवक्ता कुंदन शर्मा और धर्म सिंह वर्मा के साथ शिक्षिका यामिनी भारद्वाज उपस्थित रहीं। प्रधानाचार्य अमर चौहान, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने पाठशाला के विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी।