सोमवार कोअढाई बजे हाटकोटी कैंची पर सड़क में खड़ी टैक्सी की से लगा जाम
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहडू़। सेब सीजन में रोहडू़ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। हालत यह है कि सोमवार को हाटकोटी से अंटी के बीच तीन किलोमीटर के सफर में एक घंटे का समय लग गया। इस वजह से क्षेत्र के हजारों लोगों को मुश्किलों से दो चार होना पड़ा।
हैरानी इस बात की है कि सेब सीजन होने के बावजूद मार्ग पर पुलिस ने औपचारिकता पूरी करने के लिए महज दो पुलिस जवान तैनात किए हैं। हालांकि सरस्वती पुलिस चौकी के प्रभारी स्वयं सुबह से शाम तक अकेले यातायात व्यवस्था को संभाल रहे हैं। मगर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में दिक्कतें आ रही हैं। इससे सरकार की सेब सीजन को लेकर तैयारियों के दावों की पोल खुल गई है।
रोहडू उपमंडल में यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए बाहर से केवल सात जवान ही मिले हैं। जबकि सेब सीजन में हर साल थाने के अलावा तीस से चालीस जवानों की तैनाती बटालियन से की जाती है।
हाटकोटी कैंची से कुड्डू की ओर वाहनों की आवाजाही हर दिन अधिक रहती है। रोहडू़ के महेंदली, जुब्बल, खड़ापत्थर और अंटी में सब्जी मंडी के बाहर सेब की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए सुबह से शाम तक सैंकड़ों वाहन पहुंचते हैं। मगर यहां यातायात सुचारु करवाने के लिए यहां पुलिस को कोई जवान तैनात नहीं रहता।
इस वजह से रोगी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है तो वही बसें भी अपने गंतव्य तक दो से तीन घंटे देरी से पहुंच रही है। इसको लेकर लोगों ने प्रदेश सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रदेश सरकार से यातायात को सुचारु चलाने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की मांग उठाई है।
इनसेट
डीएसपी रोहडू़ चमन लाल ने कहा स्टाफ की कमी के कारण यातायात व्यवस्था को सुधारने में परेशानी आ रही है। मामला उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है।