राज्य स्तरीय रोहडू मेले में प्रस्तुति देते कलाकार
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहडू़। राज्य स्तरीय रोहडू़ मेले का वीरवार को शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर विधिवत रूप से मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्कूल के विद्यार्थियों और लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। मेले के पहले दिन विभिन्न खेलकूद स्पर्धाएं भी शुरू हो गई हैं। मेले के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी रोहडू़ सुरेंद्र ठाकुर ने की।
मेले के शुभारंभ पर अवसर उपायुक्त शिमला ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इनके आयोजनों से जहां परस्पर मेल-मिलाप बढ़ता है वहीं सांस्कृतिक और देव परंपरा के समागम से आस्था और संस्कृति का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि रोहडू़ मेला वाणिज्य व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसमें पारंपरिक विरासत का समावेश देखने को मिलता है। मेले के अंतर्गत सांस्कृतिक खेलकूद और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें रस्साकशी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। स्पर्धा में क्षेत्र की 80 महिला मंडलों की 800 से अधिक सदस्य भाग ले रही हैं। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष चेतन चौहान, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की अध्यक्ष शशिबाला, मंडल अध्यक्ष बलदेव रांटा, महामंत्री सुधीर चौहान एवं शशि रावत, उपाध्यक्ष पिंकू ढांडा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास वंदना चौहान, कमांडेंट होमगार्ड आरपी नेपटा उपस्थित रहे।