भावानगर (किन्नौर)। जिले के छोल्तू में जेएसडबल्यू जलविद्युत परियोजना और किन्नौर जिला बॉक्सिंग फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में प्रतियोगिता आयोजित हुई। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर और सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम निचार मनमोहन सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राज्य स्तरीय जूनियर और सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 100 मुक्केबाजों ने दमखम दिखाया। सब जूनियर वर्ग में किन्नौर और जूनियर वर्ग में शिमला ने बाजी मारी। सब जूनियर में ऊना दूसरे और जूनियर में किन्नौर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
उपमंडलाधिकारी निचार मनमोहन सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर नवाजा। इसके अलावा विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि ने कहा कि जेएसडबल्यू प्रबंधन ने किन्नौर जिले के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग अधोसंरचना और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं जिससे जिले के प्रतिभावान बॉक्सिंग खिलाड़ी किन्नौर जिले का प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा की जिले की बेटियां पिछले दो-तीन वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में अपना लोहा मनवा रही हैं। जिले के लिए स्वर्ण और रजत पदक हासिल कर रही हैं।
उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया की वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा मेें प्रयोग करें। जेएसडबल्यू के सीएसआर प्रमुख दीपक डेविड ने बताया कि जेएसडबल्यू परियोजना प्रबंधन ने जिले में सात स्थानों पर बॉक्सिंग कोचिंग सेंटर स्थापित किए हैं। इसमें करीब 200 से अधिक मुक्केबाज प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षित मुक्केबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 4 पदक, राष्ट्रीय स्तर पर 26 पदक और राज्य स्तर पर 146 पदक हासिल किए हैं। इस मौके पर हिमाचल बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र शांडिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।