सेब बहुल क्षेत्र के बागवानों ने जताई खुशी, फसल को मंडी तक पहुंचाने में मिलेगी सुविधा
विज्ञापन
. 8.86 करोड़ रुपये के बजट से होगा 4.870 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उप तहसील नित्थर के सेब बहुल क्षेत्र एड़शी के सेब बागवानों के लिए राहत की खबर है। मंगलवार को मोड़ीनाल से एड़शी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग करीब 8.86 करोड़ रुपये की लागत से 4.870 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करेगा। क्षेत्र के किसान-बागवान कई वर्षों से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। इस सड़क के निर्माण से बागवानों की दशकों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा और नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में काफी आसानी होगी। इस क्षेत्र में हर साल करोड़ों रुपये का सेब उत्पादन होता है। इस क्षेत्र में नित्थर, देहरा, तांदी और पलेही पंचपायत के ग्रामीणों के सेब बगीचे हैं, लेकिन वर्षों से सड़क की सुविधा न होने के कारण किसानों-बागवानों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। वहीं, स्थानीय बागवान रमेश ठाकुर, दुर्गा नंद, सिकंदर ठाकुर, विजय ठाकुर समेत अन्य ने कहा कि सड़क की सुविधा न होने से बागवानों को हर वर्ष सेब सीजन में आर्थिक चपत लगती थी। अब सड़क का निर्माण शुरू होने से राहत मिली है। इस अवसर पर नित्थर पंचायत प्रधान प्रवीण कुमार, उपप्रधान नित्थर कुकू ठाकुर, प्रधान तांदी संजीव सहित अन्य मौजूद रहे।
8.86 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही कार्य को पूरा किया जाएगा। सड़क के निर्माण से ग्रामीणों की यातायात संबंधी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
विज्ञापन
- यशपाल ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग नित्थर