13 साल नहीं हुआ सीवरेज व्यवस्था पर कोई काम, जलशक्ति विभाग ने तीन क्षेत्रों का बनाया है 50 करोड़ का अस्टिमेट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर । जगातखाना, ब्रौ और चाटी में स्वच्छता व्यवस्था का बुरा हाल है। आलम ऐसा है कि इन क्षेत्रों में खुले में कूड़ा पड़ा दिखाई देता है, वहीं क्षेत्र के नालों और सतलुज नदी में खुलेआम सीवेज बह रहा है। ग्रामीणों में रंजीत, देवकी नंद, कुलदीप, दीपकमल व अन्य ने कहा कि ब्रौ, जगातखाना चाटी क्षेत्र रामपुर परियोजना के प्रभावित पंचायतों के दायरे में आते हैं। परियोजना प्रबंधन ने प्रोजेक्ट का काम शुरू करते समय इन क्षेत्रों को सीवरेज से जोड़ने की बात की थी। 2007 में एक करोड़ का बजट भी तय किया था, लेकिन इन क्षेत्रों को आज तक सीवरेज लाइनों से नहीं जोड़ा गया। करीब 13 साल गुजर जाने के बाद यहां की आबादी बढ़ी है, वहीं सीवरेज की व्यवस्था न होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। जलशक्ति विभाग ने अब इन तीन क्षेत्र ब्रौ, जगातखाना और चाटी को सीवरेज से जोड़ने के लिए 50 करोड़ का अनुमानित खर्चा बताया है। ऐसे में अब इन क्षेत्रों में सीवरेज के निर्माण का काम अधर में लटका हुआ है।
पंचायत के नुमाइंदों का कहना है कि इन क्षेत्रों को सीवरेज से जोड़ने के लिए लाडा की बैठक में प्रस्ताव रखा गया है। परियोजना प्रबंधन सीवरेज का निर्माण कार्य करने में कम दिलचस्पी ले रहे हैं। लोगों ने जलशक्ति विभाग और लोगों से मांग की है जल्द सीवरेज सुविधा से इन क्षेत्रों को जोड़ा जाए।
पहले चरण में ब्रौ पंचायत को सीवरेज से जोड़ा जाएगा
उधर, जलशक्ति विभाग निरमंड के एसडीओ नवल किशोर ने बताया कि जलशक्ति विभाग ने तीन क्षेत्रों को सीवरेज व्यवस्था से जोड़ने के लिए लगभग 50 करोड़ का अस्टिमेट बनाया है। उपायुक्त कुल्लू के आदेशानुसार पहले चरण में ब्रौ पंचायत को सीवरेज से जाेड़ा जाएगा। इसके लिए विभाग ने 12 करोड़ का अस्टिमेट बनाकर उपायुक्त कुल्लू को भेज दिया है । बजट आने के बाद ब्रौ में सीवरेज का काम शुरू कर दिया जाएगा। उसके बाद दूसरे चरण में जगातखाना और चाटी का अस्टिमेट बनाया जाएगा।