छितकुल के युवाओं ने बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के साथ आपूर्ति बहाल करने में निभाई अहम भूमिका
उपायुक्त किन्नौर ने मौके पर जाकर सड़क बहाली के कार्य का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल छितकुल में बर्फबारी के 12 दिन के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। बिजली आपूर्ति बहाल करने में स्थानीय युवाओं ने भी अहम भूमिका निभाई है। युवाओं ने लाइन को दुरुस्त करने के लिए चार फुट बर्फबारी में करीब चार किलोमीटर का सफर तय किया। इसके बाद बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के सहयोग से लाइन को दुरुस्त किया गया। इसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति तो बहाल हो गया है। हालांकि भारी बर्फबारी के कारण सड़क अभी भी बंद है। इस वजह से क्षेत्र के लोग पैदल सफर करने पर मजबूर हैं। छितकुल संपर्क मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने छितकुल सड़क का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग को जल्द मार्ग बहाल करने के निर्देश दिए। छितकुल पंचायत के उपप्रधान राजेश नेगी ने कहा कि छितकुल के 15 युवकों ने दो दिन की मेहनत करके कर बिजली का खंभों का सर्वे करने के बाद लाइन दुरुस्त करने में बिजली बोर्ड का सहयोग दिया। इसके कारण रविवार शाम 5:00 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि अभी तीन किलोमीटर बर्फ हटाना शेष है। उम्मीद है कि सोमवार देर शाम तक मार्ग बहाल हो जाएगा। बिजली लाइन बहाल करने में धर्म सिंह, देविंदर नेगी, हंसराज नेगी, रजनीश नेगी, कमल किशोर नेगी, भाग रत्न नेगी सहित अन्य युवाओं ने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि गांव में पशुओं का चारा भी खत्म हो गया है।